अजमेर। अतिरिक्त कलेक्टर प्रशासन मोहम्मद हनीफ ने कलेक्ट्रेट में जिले में आगामी 19 फरवरी से आयोजित होने वाले तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के संबंध में की जा रही तैयारियों के बारे में अधिकारियों की बैठक ली।
हनीफ ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा व अभियान से जुड़े विभागों व स्वयं सेवी संस्थाओं से 19 फरवरी के दिन सर्वाधिक बूथ कवरेज का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए एक जुट होकर कार्य करने के निर्देश दिये और इसके लिए किये जा रहे प्रबंधों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विगत अभियान में पाई गई कमियों को दूर करने, स्कूल खुले रखने, बूथ पर 0 से 5 आयु वर्ग के बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में लाने के लिए पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिये। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. लक्ष्मण हरचंदानी ने अभियान के क्रियान्वयन के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के सर्विलेन्स ऑफिसर डॉ. प्रदीप जोशी ने बताया कि पल्स पोलियो रोग की दृष्टि से अजमेर जिला हाई रिस्क फैक्टर में आता है। इसलिए जिले में शत प्रतिशत कवरेज करने के विशेष प्रयास किये जाने चाहिए। उन्होंने पावर प्रजेन्टेशन के माध्यम से बताया कि देश में विगत एक वर्ष में पल्स पोलियो रोग का एक भी रोगी नहीं पाया गया है। यदि विशेष प्रयास कर आगामी दो वर्ष में भी कोई भी बच्चा पोलियो का रोगी नहीं पाया जाता है तो देश इस रोग से मुक्त हो जायेगा। सहायक नोडल अधिकारी डॉ. ओ.पी.गुप्ता ने व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। बैठक में शिक्षा व अन्य विभागों के अधिकारी व स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद थे।

Comments
Post a Comment